शिव मंदिर सभागार में साहित्यिक इंटरनेट पत्रिका
का लोकार्पण करते माहेश्वर तिवारी व् बुद्धिनाथ मिश्र

मुरादाबाद : नवगीत के रस सभी को लुभाते हैं। गीतों के साथ अक्सर हम भी जुगलबंदी करने लगते हैं। आमतौर पर हमें पसंदीदा गीत नहीं मिल पाते। गीत-संग्रह की किताबें महंगी होने के कारण आम पाठक इस सुखद अनुभूति से वंचित रह जाते हैं तो कई बार पसंदीदा कवियों की किताबें नहीं मिल पाती। गीत प्रेमियों को परेशान होने की जरूरत नहीं। अब घर बैठे गीतों का आनंद ले सकेंगे। नेट पर साहित्यिक पत्रिकाएं तो कई हैं लेकिन गीत विधा की पत्रिकाएं न के बराबर हैं। गीतों को विश्व पटल पर स्थान दिलाने की तैयारी है। इस पुनीत कार्य को पूरा करने का बीड़ा मुरादाबाद के साहित्यकारों ने उठाया है।

24 अक्टूबर को गीत-पहल का विमोचन

साहित्यिक ई-पत्रिका गीत-पहल का शिव मंदिर सभागार हिमगिरि कालोनी में लोकार्पण किया गया। इस पत्रिका में अभी तक देशभर के 52 गीतकारों के नवगीत सम्मिलित किए गए हैं। इसमें विशिष्ट रचनाकार, उनकी रचनाओं, संस्मरण, साक्षात्कार, समीक्षा, मत-मतांतर, साहित्यिक हलचल आदि का समावेश किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहित्यकार डा.बुद्धिनाथ मिश्र, विशिष्ट अतिथि डा.महेश दिवाकर और शचींद्र भटनागर ने इस कदम की सराहना की। संपादक मंडल सदस्य अवनीश सिंह चौहान ने बताया कि गीत-पहल पूरी तरह गीत और नवगीत को समर्पित ई-पत्रिका है। योगेंद्र वर्मा व्योम ने इस कोशिश का मकसद गीतों को विश्र्व पटल पर स्थान दिलाना बताया। अध्यक्षता माहेश्र्वर तिवारी ने एवं संचालन अवनीश सिंह चौहान ने किया। इस मौके पर आयोजित काव्यपाठ की रसधार में हर कोई डूब गया। वीरेंद्र सिंह बृजवासी ने जाति से कब कर्म निर्धारण हुआ, कर्म से ही जाति का निर्धारण हुआ, जो जिया इस सत्य के विपरीत जाकर, वही सबके कष्ट का कारण हुआ का पाठ कर जातीय वैमनस्यता को दूर करने की कोशिश की। मूलचंद राज ने जब भी उलझन में होता हूं याद बहुत आती है मां, चाहे जैसी भी उलझन हो चुटकी में सुलझाती मां का पाठ कर वात्सल्य का बोध कराया। इसके अलावा सतीश सार्थक, परवाना, डा. ऋचा निखिल, रामदत्त द्विवेदी, डा. ओमाचार्य, जितेंद्र कुमार जौली, यशपाल सिंह खामोश, नत्थूलाल शर्मा, डा. मीना नकवी, निखिलेश कुमार पाठक, योगेंद्र पाल सिंह विश्नोई, रघुराज सिंह निश्चल, मनोज वर्मा, शिशुपाल मधुकर, विवेक निर्मल आदि ने काव्यपाठ किया। आनंद कुमार गौरव ने आभार व्यक्त किया।
(मुरादाबाद से अवनीश सिंह चौहान की रिपोर्ट )

0 टिप्पणियाँ:

 
Top